राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान के पर्यवेक्षक बनाए गए मंत्री सिंहदेव, पीएल पुनिया को मिली झारखंड की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को राजस्थान और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश के बाद महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सिंहदेव को पत्र लिखा है। सिंहदेव राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के साथ चुनाव कराएंगे। इधर, छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रत्याशियों कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलोदेवी नेताम के आवेदन वैध पाए गए हैं। अब 26 मार्च को विधानसभा में राज्यसभा के लिए मतदान होगा।



सिंहदेव को राजस्थान के वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए कहा गया है। इस संबंध में सिंहदेव ने कहा है कि जवाबदेही जब मिले, उन्हें अच्छा लगता है। वे आज-कल में राजस्थान जाएंगे। इसके बाद सीएम अशोक गहलोत व अन्य नेताओं से मिलेंगे। सिंहदेव ने कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत होगी। 


बता दें कि राजस्थान की तीन और छत्तीसगढ़ की दो सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष फूलोदेवी, वकील तुलसी को कांग्रेस ने छग में उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है, इसलिए 26 मार्च को मतदान के बाद जीत की घोषणा कर दी जाएगी।